उत्तर प्रदेशलखनऊ

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने प्रदेश मुख्यालय पर मनाया अपना जन्मदिन

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव अपने जन्मदिन सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित समारोह में शामिल हुए। उन्होंने जन्मदिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि हमें खुशी है कि आज पार्टी का नेतृत्व नौजवान के हाथ में है। समाजवादी पार्टी नौजवानों की पार्टी है। हम यही चाहते थे कि समाजवादी पार्टी हमेशा नौजवान रहे, कभी बूढ़ी ना दिखे। हमें बहुत अच्छा लग रहा है और प्रसन्नता हो रही है कि यहां कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में नौजवान आए हैं और सब लाल टोपी लगाए हुए हैं।

मुलायम ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां गरीबों किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों को साथ लेकर चलने की है। समाजवादी पार्टी महिलाओं को विशेष अवसर की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि महिलाएं साथ रहेंगी तो सरकार भी बनेगी और पार्टी भी मजबूत रहेगी। श्री यादव ने कहा कि महिलाओं की जनसंख्या 47 फीसदी है। उन्हें भरोसा दिलाइये कि उनका सम्मान और सुरक्षा समाजवादी पार्टी में ही है।

श्री यादव ने कहा कि कुछ लोग पार्टी में तोड़-फोड़ करके अलग-थलग करना चाहते हैं। लेकिन पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपनी नीतियों को लेकर जनता के बीच जाएं। अपने आचरण और व्यवहार से जनता का दिल जीतें। श्री यादव ने कहा कि जब हमने पार्टी बनाई थी तो लोगों ने कहा कि मुलायम सिंह यादव एक जिले के नेता, लेकिन पार्टी बनाने के चार पांच महीने के भीतर ही बड़ी संख्या में लोग आने लगे और 11 महीने में ही हमने उत्तर प्रदेश में सरकार बना ली थी। हमने उत्तर प्रदेश में 4 बार सरकार बनाई।

नौजवानों का जोश और उत्साह देखकर हमें भरोसा है कि यूपी में तो आपकी सरकार आएगी ही, लेकिन इस पर विचार करो कि दिल्ली की सत्ता पर कैसे कब्जा होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकार ही सब कुछ है, ऐसे हालात पैदा कीजिए कि बगैर आपके दिल्ली में कोई सरकार ना बन पाए। श्री यादव ने कहा कि दिल्ली यूपी वालों की बड़ी जिम्मेदारी है। यूपी बहुत विशाल प्रदेश है और यहां की जनसंख्या दुनिया के कई देशों के बराबर है।यूपी ने हमेशा देश का नेतृत्व किया है। यूपी एकत्रित होकर समर्थन करता है, तभी दिल्ली में सरकार बनती है।

श्री यादव ने कहा कि किसी के साथ अन्याय हो तो उसका विरोध कीजिए। न्याय और साहस के साथ रहोगे तो आगे बढ़ोगे। मुलायम ने कहा कि हमारा सम्मान तभी है जब गरीबों, पिछड़ों, नौजवानों के लिए काम हो। पार्टी में बड़ी संख्या में नौजवान हैं । नौजवान पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को पढ़े और लिखें। नौजवान, धीरज और संयम के साथ पार्टी की नीतियों के लिए काम करें। समाजवादी नीतियां दुनिया में सबसे बेहतर और अच्छी हैं।

समाजवादी लोग जाति- धर्म, गरीब -अमीर, औरत- मर्द, और काले -गोरे में भेद नहीं करते हैं। मुलायम ने कहा कि हमारा भी कार्यक्रम लगाइए, हम भी मंडल स्तर पर रैलियां करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां नौजवानों में जितना जोश है, वही जोश की भावना लेकर आप अपने गांव शहर और बूथों तक जाइए। बड़ों का आदर करिए, विद्वानों का सम्मान करिए और उनके साथ मिल कर रहना है, अगर किसी से असहमत भी हो तो चुप रहिए, इससे आपका समर्थन बढ़ जाएगा, किसी का अपमान कभी मत करना। नौजवानों का आचरण ऐसा हो कि कोई उंगली नहीं उठा पाए।

समाजवादियों के व्यवहार से किसी को कष्ट ना हो। यहां से संकल्प लेकर जाओ कि अपने व्यवहार से किसी को नाराज नहीं करना। जाति धर्म के नाम पर भेदभाव नहीं करना। किसी से मतभेद है तो उसे दूर करो और समाजवादी पार्टी को मजबूत करो। गरीबों की मदद करो, अगर किसी गरीब की लड़की की शादी है, तो उसकी चार -पांच लोग मिलकर चुपचाप मदद कर दो। जिससे कि गरीब की मदद भी हो जाए और किसी को पता भी ना चले।

मैं भी ऐसा करता था। मुलायम ने कहा कि आज बहुत बड़ी संख्या में नौजवान लाल टोपी लगाकर आए हैं। यह बहुत अच्छी बात है। शाम को मैंने भी लाल टोपी रख लिया था की पार्टी ऑफिस में कार्यक्रम में चलेंगे तो लगा कर चलेंगे लेकिन आते समय रह गई। लाल टोपी समाजवादियों की पहचान है। लाल टोपी लगाकर निकलोगे तो लोग कहेंगे कि यह देखो समाजवादी जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्याय पर चलते हुए साहस के साथ राजनीति करना।

मैं रक्षामंत्री था तो मैंने चीन और पाकिस्तान को खदेड़ दिया था। जब भी किसी ने हमला किया तो, हमने खदेड़ कर दिया तो वह डर गए। श्री यादव के जन्मदिन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडे, सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय सेठ, आर के चौधरी, जो एंटनी, पूर्व मंत्रिय नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, अरविंद सिंह गोप, योगेश प्रताप सिंह, बदायूं से लोकसभा सदस्य धर्मेंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य सतरुध प्रकाश, एसआरएस यादव, सुनील साजन, संजय लाठर, अरविंद कुमार सिंह, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह, नगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button