उत्तर प्रदेशलखनऊ
फर्जी राष्ट्रभक्तों ने अपने मित्र को लाभ पहुँचाने के लिए देश की सुरक्षा से किया समझौता : आप

लखनऊ, (आरएनएस ) । आम आदमी पार्टी (आप) के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि रक्षा क्षेत्र में राफेल घोटाला इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है, देश की सुरक्षा के नाम पर घोटाला करने वाले फर्जी राष्ट्रभक्तों को कतई बक्शा नहीं जायेगा। सजंय का कहना है कि बुन्देलखंड में 12 अक्टूबर से शुरू हो रही आम आदमी पार्टी की तीसरे चरण की जन अधिकार पदयात्रा के माध्यम से सैंकड़ों कार्यकर्त्ता राफेल घोटाले को जनता तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। पदयात्रा के माध्यम से मोदी सरकार की कथनी और करनी की असलियत को जनता के सामने लाया जायेगा।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया था तो आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के विरोध में मैदान में उतरी थी। भाजपा भ्रष्टाचार के मामले में उससे भी आगे निकल गई। मन की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने परममित्र अनिल अंबानी को बड़े स्तर पर लाभ पहुँचाने के लिए राफेल में 36 हजार करोड़ से भी ज्यादा का घोटाला कराया है। प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि 540 करोड़ का लड़ाकू विमान 1670 करोड़ में क्यों खरीदा। उन्होंने कहा कि फर्जी राष्ट्रभक्तों ने अपने मित्र को लाभ पहुँचाने के लिए देश की सुरक्षा से समझौता कर लिया है। देश इनको कभी मांफ नहीं करेगा।
संजय ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। एक ने बोफोर्स घोटाला तो दूसरे ने राफेल घोटाला कर देश की सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया है।